10 अप्रैल 2013

राशि से जाने कैसी दोस्त हो सकती है वो?



जब भी आप किसी से दोस्‍ती करने की सोचते हैं, तो एक सवाल जरूर मन में आता होगा, सामने वाला व्‍यक्ति कैसा होगा? खास तौर से अगर बात किसी लड़की की हो, तब तो जरूर। कई बार दोस्‍ती करने के बाद आपको लगता है, कि आपका फैसला गलत था और फिर आप दूरियां बनाने लगते हैं। लेकिन ऐसी नौबत आये ही क्‍यों, अगर आप पहले से ही अनुमान लगाने में सक्षम हों। जी हां हम बात करेंगे महिलाओं की, जो दोस्‍तों के साथ कैसा व्‍यवहार करती हैं या फिर अपनी दोस्‍ती कैसे निभाती हैं, यह हम आपको बतायेंगे उनकी राशि के अनुसार।
सही भी है, अगर आपको पहले से पता हो कि वृषभ राशि वाली महिलाएं जिसे एक बार दोस्‍त बना लेती हैं, उसका साथ जिंदगी भर नहीं छोड़तीं, तो कैसा रहेगा। शायद आप दोस्‍ती करने में एक मिनट की देरी भी नहीं करेंगे। इसी प्रकार वृश्चिक राशि वाली महिलाएं दोस्‍ती में एक हाथ दो और एक हाथ लो वाली प्रथा को हमेशा निभाती हैं। वो आपके लिये तबतक कुछ नहीं करेंगी, जब तक आप उनके लिये कुछ नहीं करेंगे और हां अगर आपने उनके लिये जरा भी कुछ किया, तो बदले में कुछ न कुछ जरूर देती हैं।

खैर ये तो रहीं छोटी-छोटी बातें, चलिये बात करते हैं हर राशि के बारे में-

मेष राशि की महिलाएं
मेष राशि वाली लड़कियों का मन बहते हुए पानी की तरह होता है, जिधर कोई अच्‍छा व्‍यक्ति मिल गया वो उसी की हो जाती हैं। एक मिनट में दोस्‍ती करने का फैसला करती हैं और एक मिनट में तोड़ने का। मेष राशि की लड़कियों का फ्रेंड सर्किल काफी बड़ा होता है और वे अपने दोस्‍तों को कभी भूलती नहीं। नये लोगों से दोस्‍ती करने में जरा भी देर नहीं करती, यही कारण है कि इनके पुराने दोस्‍त कई बार इनसे गुस्‍सा हो जाते हैं। दोस्‍तों के साथ मौज-मस्‍ती करने में इन्हें बहुत अच्‍छा लगता है। लेकिन हां गहरी दोस्‍ती बहुत कम लोगों से ही हो पाती है।
वृषभ राशि की महिलाएं
वृषभ राशि वाली लड़कियां जब किसी की दोस्‍त बनती हैं, तो हमेशा के लिये। यू कहिये बेस्‍ट फ्रेंड फॉर एवर। कई लड़कियां तो दस-दस साल तक दोस्‍ती बनाये रखती हें। इस राशि की महिलाओं के बहुत ज्‍यादा दोस्‍त नहीं होते। ये कम लोगों से दोस्‍ती करती हैं और जिससे करती हैं उससे बहुत अच्‍छी दोस्‍ती होती है।

मिथुन राशि की महिलाएं

मिथुन राशि वाली महिलाएं दोस्‍ती करने से ज्‍यादा दोस्‍ती का पैगाम पहुंचाने में माहिर होती हैं। इनमें संचार की क्षमता बहुत अच्‍छी होती है। बुद्धिजीवियों के साथ दोस्‍ती करना ज्‍यादा पसंद करती हैं। खास बात यह है कि दोस्‍तों के बीच समन्‍वय बनाकर चलना इन्‍हें खूब आता है। इनके फ्रेंड सर्किल में दरार जल्‍दी नहीं आत।

कर्क राशि की महिलाएं

कर्क राशि की महिलाएं जिससे दोस्‍ती करती हैं, उसका खयाल जरूरत से ज्‍यादा रखती हैं। अगर आप मुसीबत में हैं, तो ये आपका साथ कभी नहीं छोड़ेंगी। कर्क राशि की महिलाएं अपनी भावनाओं को व्‍यक्‍त करने में भी देरी नहीं करतीं। हां खुद के बारे में केयरलेस रहती हैं और कभी-कभी कड़वा व्‍यवहार भी करती हैं।

सिंह राशि की महिलाएं

सिंह राशि की महिलाएं अपने दोस्‍त के बारे में जरूरत से ज्‍यादा सोचती हैं। अगर इनसे आपका झगड़ा हो जायेगा, तो ये थोड़ी ही देर में आकर माफी मांगेंगी। इस राशि की महिलाएं जरूरत से ज्‍यादा सामाजिक भी होती हैं। ये दोस्‍तों के लिये कुछ करने के लिये हमेशा उत्‍साहित रहती हैं।

कन्‍या राशि की महिलाएं

कन्‍या राशि की लड़कियां अपने दोस्‍त की हर बात का हिसाब रखती हैं। इनका व्‍यवहार कभी-कभी कड़वा हो जाता है, जब उनके मन का कुछ नहीं हो पाता है, लेकिन दिल से वो कभी किसी का बुरा नहीं चाहती हैं। इनसे दोस्‍ती करके आपको कभी पछताना नहीं पड़ेगा। सलाह देने के मामले में भी ये सबसे आगे रहती हैं।
तुला राशि की महिलाएं

तुला राशि की महिलाएं बहुत ही सौम्‍य व्‍यवहार की होती हैं। दोस्‍त की गलती माफ करने में देर नहीं करतीं। ये हमेशा अच्‍छे दोस्‍त बनाना पसंद करती हैं। प्रेम का व्‍यवहार करेंगे, तो आपको प्रेम मिलता रहेगा, लेकिन अगर आपने रुख में बलाव किया तो वो अपने रुख में बदलाव करने के बजाये किनारे होना ज्‍यादा पसंद करती हैं। ये दोस्‍ती में ईमानदारी पसंद करती हैं। ये अपने दोस्‍तों की पसंद-नापसंद का भी खास खयाल रखती हैं।
वृश्चिक राशि की महिलाएं
वृश्चिक राशि की महिलाएं जितनी अच्‍छी दोस्‍त होती हैं, उतनी ही बड़ी दुश्‍मन बन सकती हैं। यह इनमें खासितय कहें या की। ये लड़कियां अपने ऊपर किये अहसान को भूलती नहीं और किसी के लिये कुछ तभी करेंगी, जब सामने वाला कुछ करेगा। दोस्‍तों का चुनाव भी बहुत सोच समझ कर करती हैं।
धनु राशि की महिलाएं
धनु राशि की महिलाओं की दोस्‍ती में कभी दरार नहीं आने देती हैं। दोस्‍त से झगड़ा होने पर अगर उनकी गलती नहीं भी होगी, तब भी वो माफी मांगने में पीछे नहीं हटतीं। यानी वो दोस्‍त को मनाने में जरा भी देर नहीं करतीं। ये दोस्‍तों के बीच भेदभाव नहीं करतीं। इनकी सबसे अच्‍छी दोस्‍ती तुला और कुंभ राशि वालों से होती है।

मकर राशि की महिलाएं

मकर राशि की महिलाएं दोस्‍ती जितने मन से करती हैं, टूटने पर उतनी ही ज्‍यादा दुखी होती हैं। ये अपने दोस्‍तों को सलाह देने में जरा भी देर नहीं करतीं। दोस्‍तों की भलाई के लिये कुछ भी करने को तैयार रहती हैं। ये अपने फ्रेंड सर्किल में बाहरी व्‍यक्ति की एंट्री तब तक नहीं पसंद करतीं, जब तक वो उनका दोस्‍त न बन जाये। ये काफी सामाजिक होती हैं और इनकी दोस्‍ती वृश्कि और मीन राशि वालों से अच्‍छी होती है।
कुंभ राशि की महिलाएं
कुंभ राशि की महिलाओं की लोगों से बहुत जल्‍दी दोस्‍ती हो जाती है। ये हर किसी की अच्‍छी दोस्‍त होती हैं। इनके सर्किल में अधिकांश व्‍यक्ति इन्‍हे बेस्‍ट फ्रेंड मानता है। दोस्‍तों की भावनाओं को ये जल्‍दी ठेस नहीं पहुंचातीं, भले ही खुद खून का घूंट पी जायें। अपनी हर बात शेयर करने में भी देर नहीं करतीं। इनकी सबसे अच्‍छी दोस्‍ती तुला राशि वालों से होती है।
मीन राशि की महिलाएं
अगर मीन राशि की महिलाओं से दोस्‍ती करनी है तो एक बात का ध्‍यान रखें, ये अपनी निजी जिंदगी में दखल बर्दाश्‍त नहीं करतीं। आप इनके चाहे जितने ही करीब क्‍यों न हों, कोई न कोई बात ऐसी जरूर रहती है, जो वो हमेशा छिपा कर रखती हैं। मीन राशि की महिलाओं का मूड कब बदल जाये, यह भी पक्‍का नहीं रहता।

साभार:-  http://hindi.oneindia.in

 
*************

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें